Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: ग्रीष्मकालीन शिविर का नगराधीश ने किया निरीक्षण, बच्चों को दिया मार्गदर्शन

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 09/06/2026 03:07:26 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 09/06/2026 03:07:26 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: जिला बाल कल्याण परिषद्, हांसी द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का मंगलवार को नगराधीश हिमांशु चौहान ने निरीक्षण किया।

विस्तार

हरियाणा: जिला बाल कल्याण परिषद्, हांसी द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का मंगलवार को नगराधीश हिमांशु चौहान ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में भाग ले रहे बच्चों से संवाद कर उनकी गतिविधियों का अवलोकन किया तथा गतिविधियों में भाग ले रहे बच्चों से बात की। निरीक्षण के दौरान  हिमांशु चौहान ने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे शिविर बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक व्यवहार सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच का विकास हो सके।

उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, परिश्रम एवं निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और निखारने की है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने तथा खेल, पुस्तक अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों में अधिक समय देने के लिए प्रेरित किया। नगराधीश ने शिविर में बच्चों को प्रदान की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद् द्वारा बच्चों के हित में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने शिविर में कार्यरत प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों को भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए बधाई दी।इस अवसर पर उन्होंने बाल भवन में पौधा रोपण भी किया ।

इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें शिविर में आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्म कालीन शिविर एक जून से 30 जून तक बाल भवन में चलाया जा रहा है,शिविर में बच्चों को चित्रकला, नृत्य, संगीत, मेंहदी, सिलाई कढ़ाई,खेलकूद, व्यक्तित्व विकास, नैतिक शिक्षा एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया तथा उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी मोनिका, धर्मबीर,अमरजीत, कर्मबीर चोपड़ा, गीता,मनीषा, निर्मल, टिंकू, आदि स्टाफ उपस्थित रहा।