-
☰
गुजरात: मिलावटी दूध का क़हर, घी और मिठाइयों की बिक्री के आरोप, कार्रवाई की मांग हुई तेज
- Photo by :
विस्तार
गुजरात: राजकोट गुजरात के राजकोट शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की कथित बिक्री को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शहर में बड़े पैमाने पर दूध, दही, घी, पनीर, मिठाइयों और अन्य खाद्य उत्पादों में मिलावट किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में बार-बार शिकायतें किए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि शहर में बिकने वाली कई मिठाइयों, दूध, दही और घी की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं विभिन्न प्रकार के फरसाण (नमकीन) तैयार करने में बड़ी मात्रा में पामोलीन तेल के उपयोग की भी शिकायतें सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो इसका सीधा असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। इसके अलावा पनीर में भी बड़े पैमाने पर मिलावट होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि यदि राजकोट महानगरपालिका क्षेत्र में संचालित डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच कराई जाए तो बड़ी मात्रा में मिलावटी और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थ बरामद हो सकते हैं। नागरिकों ने राजकोट महानगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि शहर में विशेष अभियान चलाकर दूध, दही, घी, मक्खन, पनीर, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच कराई जाए। यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो ऐसे खाद्य पदार्थों को तत्काल जब्त कर नष्ट किया जाए और संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य पदार्थों में कथित मिलावट का मामला सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ा है, इसलिए प्रशासन को इस पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
गुजरात: 489 ग्राम चरस बरामदगी मामले का मुख्य सप्लायर हुआ गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच हुई तेज
झारखंड: घरेलू विवाद के बाद दो मासूम बेटियों की कुएं में डूबने से हुई मौत, हिरासत में मां
मध्य प्रदेश: मांधाता विधायक ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
मध्य प्रदेश: बारिश में उखड़ी सड़क बनी हादसों का कारण, जर्जर मार्ग को लेकर लोगों में बढ़ा आक्रोश