Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: उणियारा सहकारी समिति की बैठक में 25.70 लाख का बजट हुआ पारित, तुलाई व उपहार पर उठा विवाद

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 09/06/2026 05:43:04 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 09/06/2026 05:43:04 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: टोंक के नैनवां रोड स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति उनियारा के गोदाम परिसर में आयोजित बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 25.70 लाख रुपये का प्रस्तावित बजट पारित किया गया।

विस्तार

राजस्थान: टोंक के नैनवां रोड स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति उनियारा के गोदाम परिसर में आयोजित बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 25.70 लाख रुपये का प्रस्तावित बजट पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने की। बैठक में बजट प्रस्तुति के साथ-साथ कृषि जिंसों की तुलाई, खाद उपलब्धता, सदस्यों को दिए जाने वाले उपहारों की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान उपहारों की गुणवत्ता को लेकर सदस्यों में असंतोष देखने को मिला और बैठक में हंगामे की स्थिति भी बनी।

प्रस्तावित बजट के अनुसार आगामी वित्तीय वर्ष में समिति को कृषि उपज से 16 लाख रुपये, कृषि आदान से 5 लाख रुपये, लाभांश से 1.50 लाख रुपये तथा मियादी ब्याज से 2.80 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। वहीं, कर्मचारियों के वेतन पर 7.80 लाख रुपये, गोदाम घिसावट पर 2.25 लाख रुपये, कंप्यूटर संचालन पर 1.60 लाख रुपये तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों पर व्यय का प्रावधान किया गया है। बैठक के दौरान सदस्य ओंकार सिंह नरूका, शकील अहमद, धनराज सोनी सहित कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि कृषि उपज की तुलाई के दौरान पल्लेदारों द्वारा राशि लेने के बाद ही तुलाई की जाती है। सदस्यों ने इस मामले की जांच की मांग की।

वहीं चेतन पटवा सहित अन्य सदस्यों ने समिति द्वारा वितरित किए जाने वाले उपहारों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार दिए जाने वाले उपहार अपेक्षित स्तर के नहीं होते। इस पर उन्होंने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित करने का सुझाव दिया। इन आरोपों पर समिति के जनरल मैनेजर अजय मीणा ने कहा कि उपहारों की खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और यह निर्वाचित प्रतिनिधियों की समिति द्वारा कोटेशन के आधार पर की जाती है। उन्होंने तुलाई शुल्क लेने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि समिति द्वारा किसानों से किसी प्रकार का तुलाई शुल्क नहीं लिया जाता।

बैठक में गोदाम के पास समिति की खाली भूमि पर तारबंदी न होने पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई और सुरक्षा के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि आगामी कृषि सीजन में किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे और विभिन्न प्रशासनिक, वित्तीय तथा किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।