Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी ने 422 करोड़ परियोजनाओं की समय पर पूर्णता के दिए निर्देश

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Suraj Maurya , Date: 20/02/2026 12:17:38 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Suraj Maurya ,
  • Date:
  • 20/02/2026 12:17:38 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित परियोजनाओं के साथ ही सीएम डैशबोर्ड (विकास कार्य), पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स तथा त्वरित आर्थिक विकास योजना की भी समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए धरमजीत सिंह सहित संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।


जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में मानक अनुरूप सामग्री का ही प्रयोग किया जाए। संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें तथा फोटोग्राफ सहित आख्या मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराएं। पूर्ण परियोजनाओं को तकनीकी टीम से परीक्षण उपरांत ही हैंडओवर किए जाने के निर्देश भी दिए गए। जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में धनावंटन शेष है, उनके लिए कार्यदायी संस्थाएं अपने मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर समय सीमा विस्तार व धनराशि अवमुक्ति हेतु पत्राचार सुनिश्चित करें, जिससे कार्य समय पर पूर्ण हो सके। समीक्षा में बताया गया कि सीएमआईएस पोर्टल पर एक करोड़ से अधिक लागत की कुल 422 परियोजनाएं दर्ज हैं, जिनमें से 340 पूर्ण कर ली गई हैं। शेष 85 परियोजनाएं लंबित हैं, जिनमें 16 निर्धारित समय सीमा के बाद विलंबित तथा 69 समयावधि के भीतर प्रगति पर हैं।


कुल 7327.31 करोड़ रुपये स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष 6159.11 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए, जिनमें से 5795.59 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने विलंबित परियोजनाओं में तेजी लाने तथा समयावधि में चल रही परियोजनाओं को भी निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीएम डैशबोर्ड (विकास कार्य) की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग कुछ प्रतिशत कार्य अपूर्ण रहने के कारण प्रभावित हो रही है, वे कार्य शीघ्र पूर्ण कर फोटो फीडिंग व अपलोड सुनिश्चित करें, ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह, उपायुक्त मनरेगा सुशांत सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार व जनार्दन यादव सहित जल निगम, सिंचाई व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।