-
☰
उत्तर प्रदेश: दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, 65 हजार रुपये तक मिलेगी सरकारी सहायता
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनके आवागमन को आसान बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत सोनभद्र जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 पात्र छात्राओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल खरीदने के लिए अधिकतम 65 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए छात्रा की आयु कम से कम 16 वर्ष और दिव्यांगता का प्रतिशत 40 या उससे अधिक होना अनिवार्य है। आवेदिका का किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय या महाविद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत होना जरूरी है। इसके अलावा छात्रा के दोनों हाथ कार्यशील होने चाहिए तथा उसकी दृष्टि और मानसिक स्थिति सामान्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ऐसी छात्राएं, जिन्हें पिछले पांच वर्षों के दौरान किसी सरकारी योजना, सांसद या विधायक निधि अथवा अन्य सरकारी अनुदान से मोटराइज्ड या ई-ट्राईसाइकिल मिल चुकी है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। आवेदन के लिए आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र और विद्यालय या महाविद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र देना होगा। इच्छुक छात्राएं योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल http://hwd.uphq.in पर आवेदन कर सकती हैं। योजना से संबंधित जानकारी और आवेदन में सहायता के लिए छात्राएं विकास भवन, लोढ़ी स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय के कक्ष संख्या-11 में संपर्क कर सकती हैं। जिलाधिकारी ने पात्र छात्राओं से निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस योजना से दिव्यांग छात्राओं को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त होगा।