-
☰
उत्तर प्रदेश: खड़ी मालगाड़ियों के जनरेटर से 1000 लीटर डीजल चोरी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर रेलवे आउटर पर खड़ी मालगाड़ियों और ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का थाना नागल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 1000 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर रेलवे आउटर पर खड़ी मालगाड़ियों और ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का थाना नागल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 1000 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है। इसके अलावा डीजल से भरे 23 कैन, तीन खाली कैन और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। आरोपी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी कर उसे मुनाफे पर बेचते थे। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 12 नवंबर 2026 को थाना नागल पुलिस रेलवे रोड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखे कंटेनरों में बड़ी मात्रा में डीजल भरा मिला। पूछताछ में सामने आया कि वाहन में सवार छह लोग संगठित गिरोह बनाकर रेलवे आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सहारनपुर, देवबंद और सरसावा सहित जनपद के कई रेलवे स्टेशनों के आउटर पर ट्रेनें कई-कई दिनों तक खड़ी रहती हैं। इनके जनरेटर में करीब 2000 से 3000 लीटर तक डीजल मौजूद रहता है। आरोपी इसी का फायदा उठाकर डीजल चोरी करते थे। पूछताछ में उन्होंने नागल क्षेत्र के आउटर पर खड़ी ट्रेन और करीब चार से पांच दिन पहले सरसावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी जनरेटर से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला और फरमान निवासी सरसावा, जोगेंद्र साहनी और अवधेश साहनी निवासी बिहार, दिलनवाज निवासी कोतवाली देहात तथा जुल्फान निवासी सरसावा के रूप में हुई है। एसपी देहात ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों का कोई विशेष आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। पुलिस अब चोरी किए गए डीजल की बिक्री के नेटवर्क का पता लगा रही है। जांच की जा रही है कि डीजल खुले बाजार में बेचा जाता था या किसी पेट्रोल पंप पर इसकी सप्लाई की जाती थी। साथ ही बिहार में आरोपियों के मूल निवास वाले जिलों से भी उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस आसपास के जिलों में सक्रिय ऐसे अन्य गिरोहों की जानकारी भी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।