-
☰
बिहार: विकास योजनाओं में देरी पर DM सख्त, हर घर नल-जल के लंबित कार्य 15 दिनों में पूरे करने का निर्देश
- Photo by : social media
विस्तार
बिहार: जिले में विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक पीएमजी (PMG) समीक्षा बैठक में विभिन्न विकासात्मक एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सड़क एवं पुल निर्माण, पंचायत सरकार भवन, विद्यालय भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाएं, बिजली व्यवस्था तथा हर घर नल-जल योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक देरी और निर्माण गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हर घर नल-जल योजना के लंबित कार्यों को अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया। डीएम ने लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश भी दिया। अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो बार क्षेत्र में जाकर विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके। जिला प्रशासन के इन निर्देशों से स्पष्ट है कि विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ अब उनके धरातलीय क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।