-
☰
हरियाणा: अधिकारी-एक दिन शिक्षक अभियान के तहत एसडीएम ने किया स्कूलों का निरीक्षण
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हरियाणा सरकार की नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘अधिकारी-एक दिन शिक्षक’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार ने गांव पोकरवास और इंदिवली के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ विद्यार्थियों को पढ़ाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। एसडीएम संदीप कुमार ने विद्यालयों में भवन की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, मिड-डे मील, शिक्षकों की उपस्थिति तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई की गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अभियान के तहत एसडीएम ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं तथा करियर से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही प्रशासनिक सेवाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में भी जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। यह अभियान उपायुक्त साहिल गुप्ता के निर्देशों के अनुसार संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी सरकारी स्कूलों का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष मूल्यांकन कर रहे हैं। निरीक्षण के बाद अधिकारी अपनी विस्तृत फीडबैक रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर पोर्टल पर अपलोड करेंगे। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने होंगे और पाई गई कमियों को 15 दिनों के भीतर दूर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी बातचीत की। इस दौरान स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत से जोड़ना है, ताकि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी स्वयं स्कूलों में जाकर बच्चों के बीच समय बिताते हैं, तो इससे न केवल शिक्षा व्यवस्था में सुधार होता है बल्कि विद्यार्थियों को भी प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलता है।निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विजय कुमार, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।