-
☰
राजस्थान: दो करोड़ की लव-कुश वाटिका पर लगा ताला, हरियाली अमावस्या पर मायूस लौटीं महिलाएं
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: शहर के वन क्षेत्र पक्का बंधा में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई लव-कुश वाटिका इन दिनों बंद गेट और बदहाली के कारण चर्चा में है। हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार को कई महिलाएं और बच्चे वाटिका घूमने पहुंचे, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लगा होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित की गई यह वाटिका सावन के दौरान बाबा अमरनाथ पहाड़ी की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकती है। इसी मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां आने वाले लोग प्राकृतिक वातावरण में कुछ समय बिता सकते हैं और बच्चों के मनोरंजन के लिए भी यह बेहतर स्थान साबित हो सकता है। लेकिन गेट बंद रहने से इसका उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। हरियाली अमावस्या के अवसर पर लोग प्रकृति और हरियाली के बीच समय बिताने के लिए पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं। बुधवार को भी महिलाएं और बच्चे वाटिका पहुंचे, लेकिन गेट पर ताला देखकर उन्हें वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लाखों रुपये खर्च कर पर्यटन स्थल विकसित किया गया है तो इसे आमजन के लिए नियमित रूप से खोला जाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से वाटिका की नियमित निगरानी कराने और दिन के समय कर्मचारी की तैनाती करने की मांग की है। उनका कहना है कि कर्मचारी की मौजूदगी से पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ वाटिका की देखरेख भी बेहतर तरीके से हो सकेगी। शहरवासियों का सवाल है कि यदि पर्यटन स्थल को आमजन के लिए खोलना ही नहीं है तो करोड़ों रुपये खर्च कर इसे विकसित करने का उद्देश्य क्या है। लोगों ने मांग की है कि लव-कुश वाटिका को नियमित रूप से खोला जाए और यहां सुरक्षा, साफ-सफाई सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि शहरवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।