-
☰
उत्तर प्रदेश: लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाई संगम नगरी, भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में भव्य दीपोत्सव का आयोजन
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में शुक्रवार को दीपोत्सव के अवसर पर महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम सहित विभिन्न घाटों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में शुक्रवार को दीपोत्सव के अवसर पर महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम सहित विभिन्न घाटों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लाखों दीपों के प्रज्ज्वलन से संगम नगरी रोशनी से जगमगा उठी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोक संस्कृति, कला, साहित्य, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ आमजन को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भव्य दीपोत्सव के आयोजन के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को प्रत्येक वर्ष और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और नई परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल हुई है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में दीप स्तंभों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम की तर्ज पर महर्षि भारद्वाज आश्रम में भी रामायण मेले का आयोजन और रामलीला का मंचन कराया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की जानकारी मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रृंगवेरपुर धाम और प्रयागराज के धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि यहां आने वाले तीर्थयात्री दोनों प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर सकें। कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग की ओर से श्रृंगवेरपुर धाम में रामचरितमानस पर आधारित चित्र पांडुलिपि प्रदर्शनी भी लगाई गई। वहीं, दोनों स्थलों पर लोक कलाकारों ने रामकथा और रामायण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महर्षि भारद्वाज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी और पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह श्रृंगवेरपुर धाम में भी उपमुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। यहां विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा, उमेश द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Murder News: दोस्ती को लेकर JNU में हुई खूनी झड़प, छात्र की एक आंख की गई रोशनी
Delhi AQI Today: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली, रोहिणी से जहांगीरपुरी तक प्रदूषण का कहर
उत्तर प्रदेश: मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, खोया और कराची हलवा के नमूने लिए
उत्तर प्रदेश: मंडल स्तरीय दिव्य दीपावली मेले का शुभारंभ, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने किया उद्घाटन