-
☰
उत्तर प्रदेश: मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, खोया और कराची हलवा के नमूने लिए
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को विभाग की टीम ने नैनी स्थित खोया मंडी में छापेमारी कर खोया का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। यह कार्रवाई मंडलायुक्त एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ. लोकेश एम के निर्देश तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के आदेश पर की गई। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नैनी के चक भटाई स्थित एक प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां से कराची हलवा का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों खाद्य पदार्थों के नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसमें सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना तथा मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाना है।