-
☰
उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा में IBET Expo-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ, ऊर्जा मंत्री बोले- कचरे को बनाएं ऊर्जा और रोजगार का साधन
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा में स्वच्छ ऊर्जा, बायोएनर्जी, निवेश और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (IBET Expo)-2026 का ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने देश-विदेश से पहुंचे विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों को संबोधित किया। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश बायोएनर्जी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पीएम सूर्य घर योजना, सीबीजी उत्पादन और रिकॉर्ड विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में प्रदेश देश में अग्रणी है। उन्होंने निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश आएं और राज्य में कहीं भी अपने प्लांट स्थापित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि अवशेष, गन्ना उत्पादन, जैविक कचरा और नगरीय ठोस कचरे के रूप में बायोएनर्जी के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। इनका वैज्ञानिक और तकनीकी इस्तेमाल कर स्वच्छ ऊर्जा के साथ किसानों की अतिरिक्त आय, ग्रामीण रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कचरे को समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे ऊर्जा, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर के रूप में देखने की जरूरत है। सीबीजी, बायोगैस, बायोमास और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी तकनीकें स्वच्छ ऊर्जा के साथ कचरा प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को भी मजबूत कर सकती हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत के बायोएनर्जी ट्रांजिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कृषि संसाधनों, बढ़ते सीबीजी इकोसिस्टम और नीतिगत समर्थन को प्रदेश की बड़ी ताकत बताया। वहीं, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं यूपीनेडा के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि देश के 30 प्रतिशत से अधिक सीबीजी प्लांट उत्तर प्रदेश में हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 84 सीबीजी और आठ बायो-कोल प्लांट पाइपलाइन में हैं। कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रदर्शनी स्टॉलों का उद्घाटन किया और बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा तथा नई तकनीकों से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने ‘भारत बायो एनर्जी कंपास’ वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। IBET Expo-2026 को उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, निवेश, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन से किसानों की आय, ग्रामीण रोजगार और बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश को गति मिलने की उम्मीद है।
पंजाब: स्वतंत्रता दिवस को लेकर पंजाब में सुरक्षा चाक-चौबंद, डीजीपी ने तैयारियों की करी समीक्षा
राजस्थान: हरियाली अमावस्या पर जाशमा-मंगरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हरियाणा: घिराय गांव में डीसी राहुल नरवाल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 50 शिकायतों पर हुई सुनवाई
उत्तर प्रदेश: महोबा में 80 वर्षीय बुजुर्ग पर लकड़ी से किया गया हमला, अस्पताल में हुई मौत