Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: विंध्य मार्ट व ब्लॉक सभागार का हुआ उद्घाटन, स्वयं सहायता समूहों को मिला नया बाजार मंच

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Suraj Maurya , Date: 08/04/2026 04:21:45 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Suraj Maurya ,
  • Date:
  • 08/04/2026 04:21:45 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मीरजापुर जनपद के लालगंज विकासखंड में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मीरजापुर जनपद के लालगंज विकासखंड में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के साथ नवनिर्मित विंध्य मार्ट और ब्लॉक सभागार का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजन के साथ हुई, जिसे पंडित विश्वनाथ उर्फ तोता पंडित ने संपन्न कराया। विंध्य मार्ट में जिले के 12 ब्लॉकों से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 35 प्रकार के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी ने हर स्टॉल पर जाकर उत्पादों का निरीक्षण किया और उनकी गुणवत्ता व उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बाजार से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि महिलाओं की आय बढ़े और वे आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि विंध्य मार्ट का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थायी बाजार उपलब्ध कराना है। यह पहल न केवल स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाएगी, बल्कि स्वरोजगार को भी नई दिशा देगी।


सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्यों की सराहना


कार्यक्रम के दौरान मतदाता पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों—सिंटू, तथा सफाई कर्मियों गौरीशंकर पांडे, रमेश और ओमप्रकाश को सम्मानित किया गया। विंध्य मार्ट के निर्माण में सहयोग देने वाले ग्राम प्रधान विजय कुमार गुप्ता और ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।बैंक सखी, स्वास्थ्य सखी, आजीविका सखी और विद्युत सखी के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सुनीता, साधना, आरती और गीता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 योजना की विस्तृत जानकारी

खंड विकास अधिकारी अंशुल हिंदल ने विंध्य मार्ट की स्थापना और संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, एडीओ पंचायत अजय शंकर, एडीओ ग्राम विकास श्याम कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।