-
☰
छत्तीसगढ़: कुदरगढ़ महोत्सव में लोक कला और भक्ति का संगम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा दूसरा दिन
- Photo by : social media
संक्षेप
छत्तीसगढ़: सूरजपुर चैत्र नवरात्र के षष्ठी तिथि पर माँ दुर्गा के कात्यायनी स्वरूप की आराधना के साथ कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का द्वितीय दिवस आज सरगुजा अंचल की समृद्ध लोक कलाओं को समर्पित रहा।
विस्तार
छत्तीसगढ़: सूरजपुर चैत्र नवरात्र के षष्ठी तिथि पर माँ दुर्गा के कात्यायनी स्वरूप की आराधना के साथ कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का द्वितीय दिवस आज सरगुजा अंचल की समृद्ध लोक कलाओं को समर्पित रहा। स्थानीय कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने कुदरगढ़ धाम को सांस्कृतिक ऊर्जा और भक्ति के अनूठे संगम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में करमा दलों एवं विद्यालयीन बच्चों ने अपनी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। नेहा तिवारी ने लोक जस गीतों की प्रस्तुति से पूरे परिसर में भक्ति का वातावरण निर्मित किया। बसंत वैष्णव की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों की भरपूर वाहवाही लूटी। सूरजपुर जिले के कला केंद्र के बच्चों ने भी अपनी जीवंत और अविस्मरणीय प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। दीपक बर्मन ने बैंड के साथ अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध किया। बी.जी.एम. ग्रुप द्वारा प्रस्तुत पंथी नृत्य महोत्सव का विशेष आकर्षण रहा। नर्तकों के ऊर्जावान और भाव-प्रवण प्रदर्शन ने दर्शकों को अपनी सीट से उठने पर मजबूर कर दिया। इसके उपरांत लक्ष्मीकांत जड़ेजा ने लाइट एवं क्लासिकल गीतों की प्रस्तुति दी, वहीं अस्मी वर्मा, कमलेश शर्मा और नासिर खान (नमो नमो) ने क्लासिकल भजनों और मनमोहक गीतों की एक के बाद एक प्रस्तुतियाँ देकर महोत्सव को और ऊँचाइयों पर पहुँचाया।
द्वितीय दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण रहे संजय सुरीला, जिनकी प्रस्तुति ने महोत्सव में चार चाँद लगा दिए। उनके लोकप्रिय गीत ’’हाय रे सरगुजा नाचे’’ ने उपस्थित जनसमुदाय को झूमने पर विवश कर दिया। सुरीला के सुरों के जादू में डूबे दर्शक देर तक तालियाँ बजाते रहे। तीन दिवसीय इस महोत्सव के द्वितीय दिवस पर क्षेत्रवासियों का उत्साह देखते ही बनता था। माँ कुदरगढ़ी की पावन धरा पर आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं और दर्शकों ने महोत्सव का भरपूर आनंद उठाया। कल 25 मार्च को महोत्सव का समापन दिवस होगा, जिसमें भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रहने की उम्मीद है। अंतिम दिवस पर बॉलीवुड की सुप्रसिध्द पार्श्व गायिका सीर्ली सेटिया द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जायेगी। इसके साथ ही जिलेवासी कुदरगढ़ महोत्सव का आनंद घर बैठे भी ले सके इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर संचालित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण जिले के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट ’’सूरजपुर डिस्ट्रिक्ट ’’ फेसबुक पेज व डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन सूरजपुर यूट्यूब चैनल मे किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़: पंडो जनजाति की जमीन पर अतिक्रमण का मामला, एसडीएम कोर्ट में सुनवाई जारी
छत्तीसगढ़: तलवार लहराकर धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
छत्तीसगढ़: 40 सदस्यीय स्काउट-गाइड दल राज्य स्तरीय एडवेंचर शिविर के लिए हुए रवाना
मध्य प्रदेश: मुनि पीयूषचन्द्र विजयजी का भव्य नगर प्रवेश, धर्मसभा में दिया आध्यात्मिक संदेश
Trending News: पश्चिम एशिया संकट के बीच अर्जेंटीना बना भारत का सहारा, LPG सप्लाई दोगुनी