Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता पर दिया गया अधिक जोर

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 03/06/2026 04:59:24 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 03/06/2026 04:59:24 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हिसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक ली।

विस्तार

हरियाणा: हिसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन आयोग का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की वोट की डुप्लिकेसी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

इससे पूर्व हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में विभिन्न जिलों में एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित एवं अन्य अपात्र मतदाताओं के नामों की गहन जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त महेंद्र पाल ने मतदाता जागरूकता अभियान को भी प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के बाद 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।

उन्होंने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग और सर्वे कार्य की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बीएलओ सर्वेक्षण के लिए उनके घर आएं तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। नागरिकों के सहयोग से ही मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकता है। बैठक में एसीयूटी विवेक यादव, नगराधीश रोहित कुमार, चुनाव तहसीलदार जगदीप मान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।