-
☰
हरियाणा: अंतरराज्यीय एटीएम चोरी गिरोह का हुआ पर्दाफाश, तीन शातिर आरोपी हुए गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हरियाणा के हिसार जिले में सीआईए पुलिस ने एटीएम चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी हरियाणा सहित कई राज्यों में एटीएम चोरी, वाहन चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने बताया कि पिछले महीने थाना सदर हिसार और थाना एचटीएम क्षेत्र में देर रात सरकारी एटीएम मशीनों को उखाड़कर उनमें रखी नकदी चोरी करने की दो गंभीर घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों की जांच के लिए सीआईए प्रभारी पीएसआई करण सिंह के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और अन्य गोपनीय सूचनाओं के आधार पर हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान थाना एचटीएम क्षेत्र के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पीएसआई नवीन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दूसरी वारदात में शामिल आरोपी रोहीन पुत्र शहाबुद्दीन, निवासी राहड़ी, जिला नूंह को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह दोनों मामलों में अब तक कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम मशीनों को उखाड़कर नकदी चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं और हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों में भी एटीएम चोरी, वाहन चोरी, मकानों में चोरी तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, वाहन चोरी, एटीएम चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल वाहन और उपकरण, चोरी की गई नकदी की बरामदगी तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के साथ हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में की गई वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस संगठित और अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे गिरोहों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए भविष्य में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
बिहार: जर्जर ट्रांसफार्मर से तीन वार्डों की ठप हुई बिजली, ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी
गुजरात: बेल जंप कर फरार चल रहा आरोपी हुआ गिरफ्तार, पुलिस ने तकनीकी सहायता से दबोचा
हरियाणा: लक्ष्मी विहार मोटरसाइकिल चोरी मामले में लंबे समय से फरार आरोपी हुआ गिरफ्तार
गुजरात: मुंद्रा में समेजा थेबा समाज का भव्य स्नेह मिलन, शिक्षा और एकता पर दिया गया जोर