-
☰
मध्य प्रदेश: दो लग्जरी वाहनों से 267 किलो गांजा किया गया जब्त, तस्कर हुए फरार
- Photo by : social media
विस्तार
मध्य प्रदेश: शहडोल जिले के ब्यौहारी और जयसिंहनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो लग्जरी वाहनों से करीब 267 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। दोनों मामलों में तस्कर पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहडोल से मानपुर की ओर जा रही एक सफेद रंग की ब्रेजा कार (सीजी-13-एए-7494) में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने सोन नदी पुल से वाहन का पीछा शुरू किया और वन विभाग के रेस्ट हाउस के पास बड़े वाहनों की मदद से रास्ता रोककर कार को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन से 127 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई जयसिंहनगर थाना पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि मानपुर-टेटका मार्ग से एक काली स्कॉर्पियो में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने पीछा किया तो तस्कर भुरका रोड के जंगल में स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए। वाहन की तलाशी के दौरान 140 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 267 किलोग्राम गांजा और दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले एक माह में गांजा तस्करी के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश: अग्निकांड में मृतकों की स्मृति में कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग
राजस्थान: आपत्तिजनक वीडियो मामले में महिला के खिलाफ की गई शिकायत, कार्रवाई की हुई मांग
झारखण्ड: पेपर लीक और बेरोजगारी पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला
गुजरात: मुहर्रम पर निकला भव्य शोक जुलूस, इमाम हुसैन की शहादत को किया गया याद