-
☰
उत्तर प्रदेश: पूर्व में सहारनपुर के एसएसपी रह चुके हैं आशीष तिवारी, क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और भौगोलिक परिस्थितियों का है अनुभव
- Photo by :
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर शासन द्वारा जारी 28 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची के तहत सहारनपुर परिक्षेत्र में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। शासन ने वर्तमान डीआईजी अभिषेक सिंह का तबादला आगरा परिक्षेत्र में कर दिया है। वहीं, तकनीकी सेवाओं में तैनात आईपीएस अधिकारी आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का नया पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त डीआईजी आशीष तिवारी का सहारनपुर से पुराना संबंध रहा है। वह पूर्व में जनपद सहारनपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों की चुनौतियों को करीब से समझा था। सहारनपुर रेंज में सहारनपुर के अलावा शामली और मुजफ्फरनगर जिले शामिल हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इन जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में आशीष तिवारी को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय चुनौतियों का पूर्व अनुभव होने से पुलिसिंग को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आशीष तिवारी अपनी सख्त कार्यशैली, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और त्वरित निर्णय लेने के लिए जाने जाते हैं। उनके सहारनपुर रेंज की कमान संभालने से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने की अपेक्षा की जा रही है।