Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: अवैध ईंट भट्ठों पर छापा, बिना शुल्क संचालन पर हुई सख्ती

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Omprakash Tiwari , Date: 28/02/2026 09:56:58 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Omprakash Tiwari ,
  • Date:
  • 28/02/2026 09:56:58 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में अवैध रूप से विनिमय शुल्क व जिला पंचायत शुल्क जमा किए बिना संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में अवैध रूप से विनिमय शुल्क व जिला पंचायत शुल्क जमा किए बिना संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी गोरखपुर व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देशन में खान विभाग और जिला पंचायत की संयुक्त टीम ने 27 फरवरी 2026 को जनपद में विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस अभियान के तहत तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम देवकली स्थित गुरु गोरखनाथ ब्रिक फील्ड पर छापेमारी की गई। जांच में पाया गया कि प्रोपराइटर आलोक कुमार शुक्ला द्वारा पिछले दो वर्षों से विनिमय शुल्क जमा किए बिना ही ईंट भट्ठे का संचालन किया जा रहा था। मौके पर ईंट पथाई (कच्ची ईंट बनाने) का कार्य जारी मिला, जिसे तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए भट्ठे परिसर में तैयार की जा रही कच्ची ईंटों को क्षतिग्रस्त कराया, ताकि बिना वैध शुल्क जमा किए उत्पादन न हो सके। अधिकारियों ने संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि संपूर्ण बकाया विनिमय शुल्क, उस पर देय ब्याज सहित तथा जिला पंचायत शुल्क नियमानुसार तत्काल जमा करें। अन्यथा की स्थिति में भट्ठे को सील करने सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

अधिकारियों ने बताया कि राजस्व की हानि किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को जानकारी मिली थी कि जनपद के कुछ ईंट भट्ठा संचालक लंबे समय से नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर यह संयुक्त अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी ईंट भट्ठा संचालक निर्धारित विनिमय शुल्क एवं अन्य देय शुल्क तत्काल जमा कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई संचालक आदेश की अवहेलना करता पाया गया तो उसका संचालन बंद कराने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अन्य भट्ठा संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। संबंधित विभागों ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।


Featured News