Contact for Advertisement 9919916171


छत्तीसगढ़: बाल विवाह मुक्त अभियान की जागरूकता रैली, ग्रामीणों ने ली शपथ

- Photo by : social media

छत्तीसगढ़  Published by: Prabhesh Mishra , Date: 31/03/2026 03:35:33 pm Share:
  • छत्तीसगढ़
  • Published by: Prabhesh Mishra ,
  • Date:
  • 31/03/2026 03:35:33 pm
Share:

संक्षेप

छत्तीसगढ़: सूरजपुर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन सूरजपुर की प्रतिबद्धता एक बार फिर जमीनी स्तर पर दिखी।

विस्तार

छत्तीसगढ़: सूरजपुर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन सूरजपुर की प्रतिबद्धता एक बार फिर जमीनी स्तर पर दिखी। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देश के अनुपालन में एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में 30 मार्च को ब्लॉक ओड़गी की ग्राम पंचायत कुबेरपुर में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। UNICEF एवं Agricon Foundation के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण समाज में बाल विवाह उन्मूलन का एक सशक्त और स्थायी संदेश छोड़ा। रैली की विशेष बात यह रही कि मीडिल स्कूल के नन्हे बच्चों ने बाल विवाह विरोधी विषयों पर भावपूर्ण चित्र बनाकर इस अभियान को एक नई ऊर्जा और जीवंतता प्रदान की। बच्चों की इस सृजनात्मक भागीदारी ने उपस्थित ग्रामीणों के मन पर गहरी छाप छोड़ी। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं युवोदय स्वयंसेवकों ने मिलकर बाल विवाह मुक्त ग्राम बनाने की दृढ़ शपथ ली। रैली के दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानूनन लड़की की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष तथा लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है और इससे कम आयु में विवाह करना एक दंडनीय अपराध है जो बाल विवाह की श्रेणी में आता है। युवोदय स्वयंसेवकों ने गाँव की गलियों में भ्रमण कर घर-घर तक यह जागरूकता पहुंचाई।


रैली के दौरान प्रतिभागियों के उत्साही नारों से पूरा कुबेरपुर गुंजायमान हो उठा। "नोनी हा पढ़ही, तभे आगू बढ़ही", "आओ मिलकर कदम बढ़ाएं, बाल विवाह पर रोक लगाएं", "हम सबने ठाना है, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाना है" और "बंद हो, बंद हो — बाल विवाह बंद हो" जैसे नारों ने ग्रामीणों के मन में इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध जागृति की नई लौ प्रज्वलित की। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की सामूहिक शपथ दिलाने के साथ हुआ। इस सफल आयोजन में UNICEF के जिला समन्वयक श्री हितेश निर्मलकर, ब्लॉक समन्वयक सुश्री बेलासो प्रजापति, ग्राम पंचायत कुबेरपुर की सरपंच श्रीमती सुरज लाल, सचिव श्री राम कीसुन बैंस, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक सुश्री सत्यवती तथा युवोदय स्वयंसेवकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भूमिका रही। इन सभी के सामूहिक प्रयास ने इस अभियान को ग्राम स्तर पर वास्तविक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया।