Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: 'नशा मुक्त हिसार' अभियान के तहत 17 नशा पीड़ितों को मिला उपचार, गांव-गांव पहुंच रही पुलिस की टीम

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 15/07/2026 05:39:07 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 15/07/2026 05:39:07 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के निर्देशन में चलाया जा रहा 'नशा मुक्त हिसार' अभियान जनभागीदारी के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के तहत हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम न केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार, काउंसलिंग और जागरूकता के माध्यम से मुख्यधारा में लाने का भी प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने थाना सदर क्षेत्र के गांव मीरका तथा थाना आजाद नगर क्षेत्र के गांव मंगाली मोहब्बत, मंगाली सुरतिया और मंगाली जाटान में विशेष जनजागरूकता एवं उपचार अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सरपंचों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं, नशा पीड़ितों और उनके परिजनों से संवाद कर नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों में उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान चार नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से दो लोगों को सरकारी अस्पताल हिसार के नशा मुक्ति केंद्र से दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा 12 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवा वितरित की गई, जबकि तीन अन्य लोगों को दूसरी बार नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र से उपचार और दवाइयां दी गईं। इस प्रकार कुल 17 नशा पीड़ितों को घर-घर जाकर आयुर्वेदिक और एलोपैथिक उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही उनका स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड टेस्ट और मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग भी की गई, ताकि वे नशे की लत से बाहर निकलकर सामान्य जीवन जी सकें। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए प्रत्येक व्यक्ति को नया जीवन देना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, नशे के आदी लोगों को उपचार के लिए प्रेरित करें और नशा तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।