-
☰
हरियाणा: हांसी में पटाखों की बिक्री के लिए लगेंगी 20 स्टॉल, ड्रॉ सिस्टम से होगा आवंटन
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए हांसी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
विस्तार
हरियाणा: हांसी दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए हांसी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधीश राहुल नरवाल के निर्देशों पर शहर में पटाखों की बिक्री के लिए राजकीय महाविद्यालय में 20 स्टॉल लगाई जाएंगी। एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि इन स्टॉलों का आवंटन पारदर्शी तरीके से ड्रॉ सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि पटाखों की बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। स्टॉल संचालकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही पटाखों की बिक्री करने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। वहीं, एसडीएम राजेश खोथ ने एक जरूरतमंद युवक को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी पहल की। जानकारी के अनुसार, सिंधड़ गांव निवासी 12वीं पास अनूप कुमार लघु सचिवालय में टी-स्टॉल लगाने की अनुमति लेने पहुंचा था। बातचीत के दौरान एसडीएम ने उसकी शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी ली और उसे टी-स्टॉल लगाने के साथ-साथ बेरोजगारी भत्ते के लिए भी आवेदन करने की सलाह दी। एसडीएम ने तुरंत रोजगार कार्यालय के अधिकारियों को अपने कार्यालय में बुलाकर युवक के आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि उसे सरकारी योजना का लाभ मिल सके। एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही शिक्षित और जरूरतमंद युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए भी प्रशासन प्रयासरत है।