-
☰
हरियाणा: स्पीकथॉन क्लब की ग्रुप डिस्कशन श्रृंखला के दूसरे चरण में 84 समूहों ने लिया हिस्सा, विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में रखे विचार
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजविप्रौवि), हिसार के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित स्पीकथॉन क्लब की पाक्षिक ग्रुप डिस्कशन श्रृंखला के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 917 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने 84 समूहों में विभाजित होकर भारत की चुनावी प्रक्रिया को मजबूत बनाने में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का आयोजन मिश्रित माध्यम से किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने कक्षाओं और वर्चुअल मीटिंग के जरिए चर्चा में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अपने तर्क प्रस्तुत किए। प्रत्येक समूह में 5 से 15 विद्यार्थी शामिल रहे और चर्चा का समय लगभग 25 से 30 मिनट निर्धारित किया गया था। चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने ईवीएम के लाभ और चुनौतियों पर विस्तार से विचार रखे। मशीनों के पक्ष में विद्यार्थियों ने मतदान और मतगणना में तेजी, अमान्य मतों में कमी, बूथ कैप्चरिंग पर नियंत्रण तथा कम साक्षर मतदाताओं के लिए सुविधा जैसे पहलुओं का उल्लेख किया। वहीं, कुछ विद्यार्थियों ने तकनीकी सुरक्षा, पारदर्शिता और मतदाताओं के विश्वास को मजबूत करने की जरूरत पर सवाल उठाए। वीवीपैट, मतदाता जागरूकता और चुनावी प्रक्रिया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने स्पीकथॉन क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रुप डिस्कशन विद्यार्थियों में प्रभावी संवाद, आलोचनात्मक सोच और विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों पर विचार रखने और भविष्य के पेशेवर जीवन के लिए आत्मविश्वास हासिल करने में मदद करती हैं। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की चर्चाओं से झिझक दूर होती है और विद्यार्थियों में सार्वजनिक वक्तृत्व, सक्रिय सुनने, तार्किक विचार तथा टीमवर्क जैसे कौशल विकसित होते हैं। कार्यक्रम के समन्वय में असिस्टेंट डायरेक्टर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. आदित्य वीर सिंह सहित मोहित, सचिन, हिमानी, विनीत, योगेश और अक्षय ने भूमिका निभाई। आयोजन क्लब कोऑर्डिनेटर अर्पित तथा ज्वाइंट कोऑर्डिनेटर कीर्ति और दीपिका के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।