-
☰
हरियाणा: समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निपटान किया जा रहा
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी जिला सचिवालय परिसर में आमजन की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
विस्तार
हरियाणा: हांसी जिला सचिवालय परिसर में आमजन की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर तहसीलदार अनिल कुमार बिढान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान एसडीएम राजेश खोथ ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निपटान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। समाधान शिविर में विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं, जिनमें मुल्तान नगर क्षेत्र में गंदे नाले की सफाई का मामला प्रमुख रहा। इस पर एसडीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही कर नाले की सफाई करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा हांसी शहर निवासी रोहतास द्वारा अपनी बेटी की विकलांग पेंशन बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि दस्तावेजों की जांच कर पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ की जाए।
शिविर में जन्मतिथि सत्यापन, बिजली बिल में सुधार, परिवार पहचान पत्र में आय संशोधन सहित अन्य कई समस्याएं भी प्रस्तुत की गईं। एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे इन शिकायतों का नियमानुसार एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार के शिविरों में प्राप्त शिकायतों का रिकॉर्ड संधारित किया जाए तथा उनके समाधान की नियमित समीक्षा की जाए, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।