Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: डबवाली पुलिस ने छात्रों को नशा, साइबर और महिला सुरक्षा पर किया जागरूक 

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Ritesh , Date: 04/02/2026 03:30:05 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Ritesh ,
  • Date:
  • 04/02/2026 03:30:05 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: डबवाली युवाओं को नशे, साइबर अपराधों एवं सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर, आईपीएस चौ. देवीलाल इंजीनियरिंग कॉलेज पन्नीवाला मोटा पहुंचे।

विस्तार

हरियाणा: डबवाली युवाओं को नशे, साइबर अपराधों एवं सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर, आईपीएस चौ. देवीलाल इंजीनियरिंग कॉलेज पन्नीवाला मोटा पहुंचे। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में डबवाली पुलिस द्वारा एक समग्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला विरुद्ध अपराधों व महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया । इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन स्टाफ, डा. जगदीश कुमार( निदेशक एवं प्रधानाचार्य), श्याम सुंदर ( उप प्रधानाचार्य) व डा. रविन्द्र सिंह  व विद्यार्थियों द्वारा पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी सोच, आपका आत्मविश्वास और आपके आज के निर्णय ही आने वाले कल का निर्माण करते हैं। जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, लेकिन सही दिशा ज़रूर होती है — और वही दिशा आपको आज चुननी है।

 

याद रखिए, नशा किसी भी रूप में हो, वह आपकी ऊर्जा, आपकी पढ़ाई और आपके सपनों का सबसे बड़ा दुश्मन है। जो नशे को ‘ना’ कह पाता है, वही जीवन की सबसे बड़ी परीक्षा पास करता है। सच्ची ताकत गलत चीजों से दूर रहने में है, न कि उनके आगे झुकने में। एसपी डबवाली ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, सेहत और भविष्य तीनों को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के खिलाफ स्वयं जागरूक रहने और अपने मित्रों को भी इससे दूर रखने की अपील की साथ ही कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो बिना भय अपने नजदीकी थाना, चौकी व केन्द्र सरकर द्वारा जारी मानस पोर्टल व हेल्पलाइन न. 1933 पर सूचित करें।

 

साइबर अपराधों पर बोलते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी व पासवर्ड साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक से दूर रहने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या महिला विरुद्ध अपराधों व अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए एसपी डबवाली ने कहा कि कानून महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल करने, महिला सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 181, तथा बच्चों से संबंधित सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा मुक्ति से संबंधित सहायता एवं परामर्श के लिए नशा मुक्ति टीम डबवाली के मो. न. 9138999731 पर जानकारी दें, नशे से ग्रस्त व्यक्ति की अनुभवी चिकित्सकों द्वारा काउंसलिंग करवाई जाएगी और उचित उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। डबवाली पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन हेल्पलाइन नम्बरों को याद रखें, दूसरों को भी इनके बारे में बताएं और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता लें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — एक कॉल आपकी और समाज की सुरक्षा कर सकती है।