Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: गोपालपुरा कट हादसे के बाद प्रशासन हुआ अलर्ट, बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य हुआ शुरू

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 24/06/2026 05:50:30 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 24/06/2026 05:50:30 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: कोटपूतली नारेहड़ा-पनियाला बाईपास रोड स्थित गोपालपुरा कट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं।

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली नारेहड़ा-पनियाला बाईपास रोड स्थित गोपालपुरा कट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं। मंगलवार को हुए हादसे में चाचा-भतीजी की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी, जिसके चलते ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाने की मांग की थी। अब प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बनी सहमति के अनुसार मौके पर बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य दुर्घटना संभावित इस स्थल पर वाहनों की गति को नियंत्रित करना और भविष्य में होने वाले हादसों को रोकना है। कार्य के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना ने भी घटनास्थल का दौरा कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

उपखंड अधिकारी योगेश देवल ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में जिन सुरक्षा उपायों पर सहमति बनी थी, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यक कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोपालपुरा कट लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ था, जहां तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता था। मंगलवार को हुए हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिला था। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई शुरू किए जाने से स्थानीय लोगों में राहत और संतोष का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि बैरिकेडिंग, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपायों के लागू होने के बाद इस मार्ग पर सड़क हादसों में कमी आएगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।