-
☰
राजस्थान: उदयपुर हाईवे पर केमिकल टैंकर के बाद चेन एक्सीडेंट, 10 से अधिक वाहन टकराए
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: उदयपुर में गुरुवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने कुछ ही पलों में पूरे हाईवे का माहौल बदल दिया।
विस्तार
राजस्थान: उदयपुर में गुरुवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने कुछ ही पलों में पूरे हाईवे का माहौल बदल दिया। उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पावर हाउस हाईवे पर तेज रफ्तार और अचानक लगे ब्रेक ने एक बड़ी चेन एक्सीडेंट को जन्म दे दिया। करीब 10 से ज्यादा वाहन एक-दूसरे से इस तरह टकराए कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दरअसल, सुबह ही उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर एक केमिकल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। टैंकर से केमिकल सड़क पर फैल गया, जिससे रास्ता पहले से ही जोखिम भरा और आंशिक रूप से बाधित था। हालात पूरी तरह सामान्य भी नहीं हुए थे कि दोपहर में जैसे ही ट्रैफिक धीरे-धीरे चालू हुआ, वाहनों की लंबी कतार में अचानक ब्रेक लग गए। पीछे से आ रहे वाहन संभल नहीं पाए और एक के बाद एक टकराते चले गए। कुछ ही सेकंड में कई गाड़ियां इस हादसे की चपेट में आ गईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ये हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि हाईवे पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।