-
☰
राजस्थान: सेवा शिविरों का निरीक्षण, आमजन को योजनाओं का लाभ जल्द देने के निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: कोटपूतली राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकट उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का गुरुवार को जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त जयपुर वी. सरवण कुमार ने निरीक्षण किया।
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकट उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का गुरुवार को जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त जयपुर वी. सरवण कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने नगर परिषद कार्यालय परिसर कोटपूतली में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रभारी सचिव ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे सेवा शिविर सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्वयं आमजन तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही स्वीकृतियां एवं लाभ प्रदान किए जाएं, ताकि लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सक्रियता के साथ उपस्थित रहकर आमजन को योजनाओं की सरल भाषा में जानकारी उपलब्ध करवाएं। साथ ही शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित नागरिकों के सत्यापन, पेंशन प्रकरणों के निस्तारण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। कृषि, उद्यानिकी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को किसानों को बगीचा स्थापना, फार्म पोंड, कुसुम योजना के तहत सोलर पंपसेट, पॉली हाउस, ग्रीन हाउस एवं कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी उपलब्ध करवाकर आवेदन करवाने के निर्देश दिए। राजस्व एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में रास्तों एवं खेतों तक जाने वाले मार्गों से संबंधित अतिक्रमण प्रकरणों के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने डेयरी विभाग को दुग्ध संकलन केंद्रों का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी पशुपालकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। शहरी सेवा शिविरों में नागरिक सुविधाओं से जुड़े लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाईसेंस, साईन बोर्ड लाईसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी एवं मोबाईल टॉवर एनओसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित अन्य सेवाओं का लाभ आमजन को समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही पट्टा जारी करने, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टा, नामांतरण, खांचा भूमि, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, भू-उपयोग परिवर्तन, नालियों की मरम्मत एवं सीवर लाइन लीकेज जैसी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने शिविर प्रभारियों से विभागवार प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने एवं सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने शिविर में लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक तथा विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में भी सहभागिता की। इस दौरान एडीएम ओमप्रकाश सहारण, एसडीएम योगेश सिंह देवल, एसीईओ जगदीश प्रसाद, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
राजस्थान: श्रुत पंचमी पर टोंक में मुनि संघ का भव्य मंगल प्रवेश, जिनवाणी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया
गुजरात: हाईटेंशन लाइन मुद्दे पर किसानों का आंदोलन तेज, न्याय और मुआवजे की उठी मांग
उत्तर प्रदेश: जैन समाज ने निकाली जिनवाणी माँ की भव्य पालकी यात्रा
उत्तर प्रदेश: विकास प्राधिकरण पर अवैध निर्माण को संरक्षण देने के आरोप, जेई की भूमिका पर उठे सवाल
हरियाणा: सफाई अभियान तेज, कचरा फैलाने वालों पर नगर परिषद की सख्त कार्रवाई
गुजरात: ऊंझा नगरपालिका को मिला आधुनिक फायर टेंडर, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत