Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: Re-NEET UG Exam शांतिपूर्ण हुआ संपन्न, 19 Centers पर 86.26% उपस्थिति हुई दर्ज

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 22/06/2026 03:39:54 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 22/06/2026 03:39:54 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: कोटपूतली जिले में रविवार को री-नीट यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई।

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली जिले में रविवार को री-नीट यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में पंजीकृत 6149 अभ्यर्थियों में से 5304 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 845 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल उपस्थिति 86.26 प्रतिशत दर्ज की गई। सिटी परीक्षा को-ऑर्डिनेटर संजू जोशी ने बताया कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों में परीक्षार्थियों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। कोटपूतली ब्लॉक के 8 केंद्रों पर 2640, पावटा ब्लॉक के 4 केंद्रों पर 1348, बहरोड़ ब्लॉक के 3 केंद्रों पर 1032, बानसूर ब्लॉक के 3 केंद्रों पर 840 तथा नीमराना ब्लॉक के 1 केंद्र पर 288 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। री-नीट यूजी परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू कर दी गई थी तथा अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश दिया गया। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को निजी घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं थी। परीक्षा केंद्रों पर समय देखने के लिए विशेष घड़ियां लगाई गई थीं।

परीक्षा की सुरक्षा एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए पहली बार प्रश्न पत्र वितरण में पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रों तक पहुंचाया गया। परीक्षा संचालन में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विज्ञान संकाय के शिक्षकों की ड्यूटी वीक्षक के रूप में नहीं लगाई गई। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षक, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उड़न दस्तों की तैनाती की गई थी। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर साइलेंट जनरेटर, मेडिकल टीम तथा विद्युत निगम की विशेष फॉल्ट रिपेयर टीम तैनात रही। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया गया। परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस एवं प्रशासन की पैनी नजर रही। प्रशासनिक सतर्कता एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।