Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: अग्निवीरों को पुलिस-पीएसी समेत विभिन्न विभागों की भर्तियों में मिलेगा 20% आरक्षण

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 04/11/2026 11:05:49 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 04/11/2026 11:05:49 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: गोंडा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि चार साल की सैन्य सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश में पुलिस, पीएसी और अन्य विभागों की भर्तियों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: गोंडा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि चार साल की सैन्य सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश में पुलिस, पीएसी और अन्य विभागों की भर्तियों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अग्निवीरों को सम्मानजनक जीवन और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सोमवार को गोंडा के छपिया क्षेत्र स्थित तेजपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को नौकरी देने की दिशा में काम कर रही है। अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इसके अलावा करीब 4,500 उपनिरीक्षकों, 45 हजार पुलिस कांस्टेबलों और 42 हजार होमगार्डों की भर्ती की तैयारी की जा रही है। शिक्षकों सहित अन्य विभागों में भी नियुक्तियां की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की नीति 'पदक लाओ, पद पाओ' की है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी जैसे पदों पर नियुक्तियां दी जा रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में विकास का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोंडा में विश्वविद्यालय की स्थापना से देवीपाटन मंडल के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और युवाओं का भविष्य मजबूत होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नकल के कारोबार से जुड़े लोग विश्वविद्यालय की स्थापना का विरोध कर रहे थे।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि गोंडा में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बन चुका है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज संचालित है, जबकि बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। उन्होंने गोंडा-बलरामपुर और गोंडा-अयोध्या मार्ग के चौड़ीकरण का भी जिक्र किया और बताया कि इन परियोजनाओं को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि पूरे देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के निवेश सम्मेलन में गोंडा को लगभग तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से कई परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पराली और बायोगैस के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं।

गरीब परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र परिवारों को मुफ्त राशन, रसोई गैस और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दीपावली से पहले गरीब परिवारों को एक मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात भी कही।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से दीपावली का त्योहार गरीब और वंचित परिवारों के साथ खुशियां साझा करते हुए मनाने की अपील की। उन्होंने जय हिंद और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।