-
☰
उत्तर प्रदेश: अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 में ऊर्जांचल टाइगर्स बना चैंपियन, औड़ीमोड़ इंडियंस को 8 विकेट से दी शिकस्त
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र अनपरा कॉलोनी स्थित ऑपरेटिंग स्टॉफ मनोरंजन केंद्र में आयोजित अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में ऊर्जांचल टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए औड़ीमोड़ इंडियंस को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र अनपरा कॉलोनी स्थित ऑपरेटिंग स्टॉफ मनोरंजन केंद्र में आयोजित अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में ऊर्जांचल टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए औड़ीमोड़ इंडियंस को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं, तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में अनपरा लायंस ने रेनुसागर हिंदुस्तानी को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। 23 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों के 110 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए औड़ीमोड़ इंडियंस की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 48 रन बनाए। टीम की ओर से प्रदीप और मनोज ने 16-16 रनों का योगदान दिया। ऊर्जांचल टाइगर्स की ओर से ओमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट और विनोद यादव ने 2 विकेट हासिल किए। 49 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऊर्जांचल टाइगर्स की टीम ने महज 4.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए जीत दर्ज कर ली। दिलीप सिंह ने नाबाद 25 रन और कप्तान राजकुमार जायसवाल ने नाबाद 20 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राजकुमार जायसवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर ऊर्जांचल टाइगर्स के दिलीप सिंह को मैन ऑफ द सीरीज, डिबुलगंज सुपरस्टार्स के शिवम सिंह को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, परासी सुपरकिंग्स के कप्तान अशोक सम्राट को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, डिबुलगंज सुपरस्टार्स के अनुराग पासवान को सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी और रेहटा वारियर्स के मोहन गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में विजेता टीम ऊर्जांचल टाइगर्स को 25 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के क्रीड़ा समन्वयक एवं सहायक अभियंता इं. धर्मेंद्र कुमार तथा सहायक अभियंता इं. शैलेष यादव ने टीम को सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता औड़ीमोड़ इंडियंस को 15 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी समाजसेवी संजय उपाध्याय एवं सहायक अभियंता इं. रोहित राय ने प्रदान की। तीसरे स्थान पर रही अनपरा लायंस को अधिशासी अभियंता इं. भरत यादव ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैच में अंपायर की भूमिका सुनील गुप्ता और आशुतोष राय ने निभाई, जबकि ऋषभ श्रीवास्तव और कुलदीप ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर ऑपरेटिंग स्टॉफ मनोरंजन केंद्र के अध्यक्ष कृष्णा कुमार, उपाध्यक्ष महबूब, सचिव सतेंद्र कुमार, क्रीड़ा सचिव संदीप रमन, कोषाध्यक्ष प्रभाकर सिंह, लेखा निरीक्षक कपिलदेव सिंह, सोनू पनिका, विनोद यादव, पीयूष गुप्ता, आकाश, विशाल पनिका, वैभव और अंशुमान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।