-
☰
उत्तर प्रदेश: विश्व शौचालय दिवस पर विद्यार्थियों और नागरिकों को दिया स्वच्छता का संदेश, घरेलू कम्पोस्टिंग की जानकारी भी दी गई
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर नगर निगम सहारनपुर और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में वार्ड-25 स्थित प्राथमिक विद्यालय कोरी माजरा में सामुदायिक विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, स्वच्छ शौचालय, ठोस कचरा प्रबंधन, घरेलू कम्पोस्टिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में “स्वच्छ शौचालय, स्वस्थ परिवार—हर घर शौचालय, हर घर स्वच्छता” का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों को शौचालय के नियमित उपयोग, हाथों की साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सहारनपुर डॉ. सुनील कुमार वर्मा (आईएएस) विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान सामुदायिक विकास से संबंधित कार्यों का लोकार्पण एवं अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में दुर्गेश प्रताप सिंह, संदीप शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। आईटीसी मिशन सुनहरा कल की ओर से घरेलू कम्पोस्टिंग और ठोस कचरा प्रबंधन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। स्टॉल के माध्यम से लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, जैविक कचरे से घर पर खाद बनाने और कचरे के उचित निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर उपयोगी जानकारी प्राप्त की। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश और ज्वाला ने स्वच्छता एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं उमंग सुनहरा कल सेवा समिति के प्रबंधक मयंक पांडेय के नेतृत्व में उमंग टीम और वालंटियर्स ने आयोजन में सहयोग किया। विद्यालय परिसर में स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य से संबंधित संदेश चित्रों एवं जागरूकता सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि वे कचरे को घर पर ही अलग-अलग रखें, गीले कचरे से कम्पोस्ट बनाएं और अपने घर, विद्यालय व आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान दें। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।