-
☰
उत्तर प्रदेश: नगर निगम और सहयोगी संस्थाओं ने विभिन्न वार्डों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्राओं व नागरिकों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की दी जानकारी
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर विश्व शौचालय दिवस 2026 के अवसर पर 19 से 23 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान के तहत सहारनपुर में विभिन्न वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नगर निगम सहारनपुर ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल, पीजेआरएम और फोर्स ट्रस्ट के सहयोग से स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित कीं। अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 66 स्थित राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, हाथ धोने की सही प्रक्रिया अपनाने और स्वच्छ शौचालयों का नियमित उपयोग करने के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं वार्ड संख्या 6 और 69 में मोहल्ला समितियों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ शौचालयों के उपयोग और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी देते हुए घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की गई। अभियान के दौरान स्वच्छता की सेवा 2026 के तहत नागरिकों को कचरे के उचित पृथक्करण के लिए चार डस्टबिन के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि अलग-अलग प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में रखने से उसके निस्तारण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया आसान होती है। इस पांच दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, शौचालयों के नियमित उपयोग को प्रोत्साहित करना और घरों में कचरे के सही प्रबंधन की आदत विकसित करना है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया जा रहा है।