Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: फर्जी आईएफएस अधिकारी बनकर नौकरी का झांसा देने वाला जालसाज पुलिस ने दबोचा

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Omprakash Tiwari , Date: 12/03/2026 11:23:47 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Omprakash Tiwari ,
  • Date:
  • 12/03/2026 11:23:47 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) का अधिकारी बताकर एसपी से सुरक्षा मांगने वाले जालसाज को पुलिस ने दबोच लिया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) का अधिकारी बताकर एसपी से सुरक्षा मांगने वाले जालसाज को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि वह खुद को विदेश मंत्रालय में तैनात आईएफएस अधिकारी बताता था और सरकारी कार्यालय में पहुंच धौंस जमाता था।उस पर नौकरी दिलाने तथा विदेश भेजने के नाम पर रुपये मांगने का भी आरोप है। उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस कोर्ट ले गई, वहां से उसे जेल भेज दिया गया। हाटा कोतवाली के अवरवा के पवन चौहान ने बीते दो मार्च को एसपी कुशीनगर की अधिकारिक मेल आइडी पर मेल कर सुरक्षा की मांग की थी। मेल में उसने अपने को आइएफएस अधिकारी बताते हुए लिखा कि वह विदेश मंत्रालय में तैनात है। पर्सनल आइडी से आए मेल का संज्ञान ले एसपी केशव कुमार ने हाटा कोतवाली थाना व स्थानीय अभिसूचना इकाई को मेल करने वाले के बारे में जानकारी एकत्रित कर रिपोर्ट देने को कहा। जांच में संबंधित व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना गलत पाई गई। पता चला कि वह खुद बेरोजगार है और इधर-उधर घूमकर युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा दिया करता है। थाना पुलिस के साथ साथ एसपी ने उसे पकड़ने के लिए स्वाट टीम को भी लगाया। पुलिस टीम उसके घर गई तो वह नहीं मिला। उसका मोबाइल भी बंद था। घर के लोग भी उसके बारे में जानकारी नहीं दे सके।

सोमवार को कसया-पडरौना मार्ग पर सोहनरिया मोड़ के समीप उसके मौजूद होने की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से फर्जी आईडी कार्ड, दो फर्जी आधार कार्ड, एक निर्वाचन कार्ड, पांच एटीएम कार्ड, तीन मुहर, एक इंकपैड, एक व्हाइटनर, डायरी, दो मोबाइल, दो प्रोटोकाल पेपर और ठगी से संबंधित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुए। एसपी ने बताया कि फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर वह लोगों का विश्वास जीतता था। इंटरनेट मीडिया और फोन के माध्यम से लोगों से संपर्क करता था और खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताकर उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। रवींद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के कुछ युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसने रुपये की भी मांग की थी। इसकी छानबीन की जा रही है। टीम में स्वाट प्रभारी आशुतोष सिंह, प्रभारी सर्विलांस सेल सन्नी दूबे, दारोगा राहुल कुमार राय,महेंद्र कुमार यादव,हेकां.राधेश्याम यादव,चंद्रशेखर यादव,सनातन सिंह,रणजीत यादव,वीरेंद्र कुमार,राहुल सिंह,कां.ऋषि पटेल,शिवानंद सिंह,रामबिलास बिंद,अमरनाथ सरोज,मुंद्रिका प्रसाद शामिल रहे।