-
☰
उत्तर प्रदेश: शाम छह बजे बजेगा चेतावनी सायरन, ब्लैकआउट और राहत-बचाव कार्यों का किया जाएगा अभ्यास
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जिले में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को पुलिस लाइन चुर्क में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे शुरू होने वाले इस अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी से लेकर राहत और बचाव कार्यों तक की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जिले में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को पुलिस लाइन चुर्क में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे शुरू होने वाले इस अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी से लेकर राहत और बचाव कार्यों तक की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन के निर्देश पर होने वाली इस मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, प्रशिक्षित होमगार्ड, एनसीसी कैडेट और विभिन्न संबंधित विभागों की टीमें हिस्सा लेंगी। अभ्यास के दौरान सबसे पहले सायरन बजाकर हवाई हमले जैसी आपात स्थिति का संकेत दिया जाएगा। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट करने और लोगों के सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की प्रक्रिया का अभ्यास होगा। मॉक ड्रिल में आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। इसके साथ ही किसी भवन के क्षतिग्रस्त होने पर उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों को मजबूत करना है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी विभागीय टीमों और जरूरी उपकरणों के साथ निर्धारित समय से एक घंटा पहले पुलिस लाइन चुर्क पहुंचना सुनिश्चित करें। मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों की समीक्षा के लिए 19 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। इसमें अभ्यास को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर चर्चा की गई।