Contact for Advertisement 9919916171


बिहार: लखनपुर पंचायत मुखिया श्वेता रॉय ने रमजान में भव्य इफ्तार पार्टी आयोजित

- Photo by : SOCIAL MEDIA

बिहार  Published by: Md Firoz Alam , Date: 16/03/2026 04:10:26 pm Share:
  • बिहार
  • Published by: Md Firoz Alam ,
  • Date:
  • 16/03/2026 04:10:26 pm
Share:

संक्षेप

बिहार: कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर पंचायत की मुखिया श्वेता रॉय द्वारा रमजान के पवित्र महीने के अवसर पर भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस इफ्तार कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय

विस्तार

बिहार: कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर पंचायत की मुखिया श्वेता रॉय द्वारा रमजान के पवित्र महीने के अवसर पर भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस इफ्तार कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ हिंदू समुदाय सहित अन्य समाज के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की मिसाल पेश की। इफ्तार कार्यक्रम में हजारों की संख्या में रोजेदार और स्थानीय लोग पहुंचे। रोजेदारों ने पूरे दिन का रोजा रखने के बाद खजूर, फल, शरबत और विभिन्न पकवानों के साथ इफ्तार किया। इफ्तार के बाद सभी लोगों ने मिलकर मगरिब की नमाज अदा की और क्षेत्र में अमन-चैन, भाईचारे तथा देश की तरक्की के लिए दुआ मांगी। इस मौके पर लखनपुर पंचायत की मुखिया श्वेता रॉय ने कहा कि रमजान का महीना त्याग, तपस्या, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम और एकता को मजबूत करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम जरूरी हैं। इस इफ्तार पार्टी का उद्देश्य सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है।

वहीं इफ्तार पार्टी में शामिल पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत के समाजसेवी मोहम्मद सद्दाम हुसैन ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र में आपसी भाईचारे की मिसाल है। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता को मजबूत करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने खास तौर पर कहा कि लखनपुर पंचायत की महिला मुखिया श्वेता रॉय, जो हिंदू समुदाय से आती हैं, उनके द्वारा रमजान के इस पाक महीने में इफ्तार पार्टी का आयोजन करना पूरे इलाके के लिए एक सकारात्मक संदेश है। इससे यह साफ झलकता है कि हमारे क्षेत्र में सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहार और परंपराओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ी को भी एकता का संदेश देते हैं। कार्यक्रम के दौरान पंचायत के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, स्थानीय बुद्धिजीवी और आसपास के गांवों के हजारों लोग मौजूद रहे। सभी लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली। इफ्तार पार्टी के आयोजन से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।