-
☰
छत्तीसगढ़: कोरबा में अडानी प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, रोजगार और सुविधाओं की उठी मांग
- Photo by : social media
संक्षेप
छत्तीसगढ़: जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत पताढ़ी के ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं ने अडानी पावर प्लांट प्रबंधन व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ अधिकारों को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
विस्तार
छत्तीसगढ़: जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत पताढ़ी के ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं ने अडानी पावर प्लांट प्रबंधन व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ अधिकारों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। बुनियादी सुविधाओं स्थानीय युवाओं को रोजगार एनएच-49 पर अवैध पार्किंग व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने सिलसिलेवार आवेदन सौंपे हैं। वहीं, जनहित के मुद्दों को उठाने वाले युवा प्रतिनिधि शुभम अनंत ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मे ग्रामीणों ने अडानी पावर प्लांट प्रबंधन को ज्ञापन देकर मांग की है कि कोयला परिवहन में लगे वाहनों पर तिरपाल बांधने एवं खोलने के कार्य से ठेकेदारी प्रथा तुरंत समाप्त की जाए। वर्तमान ठेकेदारी व्यवस्था में श्रमिकों का न तो नियमानुसार PF काटा जा रहा है और न ही ESI जैसी बुनियादी सुरक्षा दी जा रही है।
श्रम नियमों के विरुद्ध हर महीने की 7 तारीख तक मानदेय भुगतान नहीं किया जाता, जिससे गरीब मजदूरों के परिवारों का जीवन यापन कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूर्व की तरह जनरल व्यवस्था लागू कर स्थानीय युवाओं द्वारा गठित जीएमसी कंस्ट्रक्शन के माध्यम से सभी स्थानीय मजदूरों को PF और ESI सुनिश्चित कर काम पर रखा जाए l ग्राम पंचायत के माध्यम से अडानी फाउंडेशन और प्रबंधन के समक्ष 8 सूत्रीय विकास मांगों का प्रस्ताव रखा गया है, प्रत्येक घर के सामने सोलर लाइट, शुद्ध पेयजल, पक्की सड़क और जल निकासी हेतु नालियों का निर्माण। शासकीय माध्यमिक शाला पताढ़ी को 12वीं तक क्रमोन्नत करना, स्कूल मैदान में खेल उपकरण और युवाओं के लिए ओपन जिम की व्यवस्था।
साथ ही नेशनल हाईवे पर ग्राम पताढ़ी में यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण। पावर प्लांट द्वारा अधिग्रहित जमीनों का किसानों को 4 गुना मुआवजा प्रभावित परिवारों को नौकरी और पंचायत क्षेत्र स्थित खतरनाक खुली खदानों में ट्यूबवेल व मुरुम/मिट्टी भराव का कार्य।NH-49 पुल के नीचे बेतरतीब पार्किंग व अतिक्रमण हटाने की मांग, जिला कलेक्टर, एसपी, आरटीओ और एनएचएआई को सौंपे गए संयुक्त शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने एनएच-49 पुल के नीचे की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। अडानी प्लांट गेट के पास पुल के नीचे 500 से अधिक दोपहिया वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं जिससे भारी कोयला वाहनों के आवागमन में लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पुल के नीचे अवैध ठेलों-दुकानों के अतिक्रमण और आए दिन वाहनों की चोरी पर रोक लगाने के लिए नियमित पुलिस गश्त, आरटीओ जांच व प्लांट सिक्योरिटी द्वारा व्यवस्थित पार्किंग जोन बनाने की मांग की गई है। ग्रामीणों व मजदूरों के अधिकारों की आवाज उठा रहे स्थानीय युवा शुभम अनंत ने उरगा थाने व पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को सुरक्षा आवेदन देकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं l
शिकायतकर्ता शुभम अनंत का आरोप है कि 7 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अनिल खुंटे जनपद सदस्य, शैलेंद्र कुर्रे, हिटलर खुंटे, सुरेश दिवाकर सहित करीब 15–20 अन्य साथी तीन चार-पहिया वाहनों स्कार्पियो, बोलेरो, थार आदि में सवार होकर उनके घर पहुंचे। सभी ने जबरन घर में घुसकर गाली-गलौज की और परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। धमकी के दौरान आरोपियों ने सीधे शब्दों में कहा ज्यादा जनहित के मुद्दों को उठाने की कोशिश मत करो हमारी सरकार आएगी तो तेरे को निपटा देंगे। जनहित और मजदूरों के हित में आवाज उठाने के कारण परिवार पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए शुभम अनंत ने तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले में उरगा थाने में सूचना दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।