-
☰
हरियाणा: अंबेडकर जयंती पर जिला स्तरीय समारोह, विधायक विनोद भयाना व डीसी राहुल नरवाल रहे मौजूद
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी शहर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।
विस्तार
हरियाणा: हांसी शहर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त राहुल नरवाल ने की। कार्यक्रम का आयोजन समस्त अंबेडकरवादी समाज सभा, डॉ बीआर अंबेडकर कल्याण सभा तथा संत गुरु रविदास सभा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिसके बाद उनके जीवन और संघर्षों को याद किया गया। इससे पहले विधायक विनोद भयाना तथा डीसी राहुल नरवाल ने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। विधायक विनोद भयाना ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय समाज को एक नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने संविधान के माध्यम से हर वर्ग के लोगों को समान अधिकार दिलाए और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश बाबा साहेब की जयंती को उत्सव के रूप में मना रहा है और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अंत्योदय की भावना के साथ सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वावलंबन के लिए लाडो लक्ष्मी योजना को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33% आरक्षण देने के लिए नया नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। विधायक ने इस अवसर पर अंबेडकर छात्रावास के निर्माण व विकास के लिए 15 लाख की राशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह कदम समाज के बच्चों को आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विधायक विनोद भयाना का तीनों सभाओं के प्रतिनिधियों द्वारा फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राहुल नरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का अद्वितीय उदाहरण है। बाबासाहेब ने केवल एक धर्म, जाति और समाज के लिए बल्कि वंचित, शोषित और जरूरतमंद प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए कार्य किया।उन्होंने कहा कि डॉ. बी आर अंबेडकर ने न केवल संविधान का निर्माण किया, बल्कि समाज में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों को स्थापित किया। डीसी ने आगे कहा कि बाबा साहेब का मानना था कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसलिए युवाओं को चाहिए कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने आगे कहा कि समाज में समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर ही हम एक मजबूत, समतामूलक और विकसित समाज का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित सेवानिवृत्ति प्रमुख अभियंता बलराज सिंह सब्रवाल तथा केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड से बलराज सिंह मेहरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला और उनकी शिक्षाओं से अवगत करवाया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपनी संतान को अच्छी शिक्षा दिलाने की अपील की तथा समाज में भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। प्रधान अभय राम आल्यान, प्रधान चांदसिंह जनागल, प्रधान रामलाल न्याैलिया तथा ओपी मेहरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विधायक और डीसी के समक्ष मांग पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने विधायक से सभी मांगों को सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए पूरा करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वालों और शिक्षा, खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में होनहार छात्र-छात्राओं को भी विधायक व उपायुक्त ने सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। समारोह में महाशय मदनलाल द्वारा प्रस्तुत गीत ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। गीत में मदनलाल ने विधायक विनोद भयाना द्वारा हांसी को जिला बनवाने तथा क्षेत्र के विकास के लिए करवाए गए कार्यों को बखूबी प्रस्तुत किया गया। उपस्थित नागरिकों ने गीत को काफी पसंद करते हुए जोरदार तालियां बजाकर विधायक विनोद भयाना की शानदार कार्य शैली।
छत्तीसगढ़: ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने निकाली स्कूटी रैली
हरियाणा: ‘समता मैराथन’ को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिखाई हरी झंडी
उत्तर प्रदेश: मड़ावरा तहसील में अंबेडकर जयंती पर भव्य रैलियां, ‘जय भीम’ नारों से गूंजा क्षेत्र
छत्तीसगढ़: टीबी उन्मूलन अभियान हुआ तेज, 100 दिवसीय दूसरे चरण का हुआ शुभारंभ
उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी ने ‘अटल सहजन वन’ का किया निरीक्षण, हरियाली बढ़ाने के दिए निर्देश