Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए जल्द शुरू होगा विशेष महिला क्लिनिक

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 27/05/2026 05:27:25 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 27/05/2026 05:27:25 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: महिलाओं को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

विस्तार

हरियाणा: महिलाओं को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में नागरिक अस्पताल में जल्द ही “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार महिला क्लिनिक” की स्थापना की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और जल्द ही प्रदेश स्तर से वर्चुअल माध्यम से इन महिला क्लिनिकों का शुभारंभ किया जाएगा। डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि इस विशेष महिला क्लिनिक का उद्देश्य महिलाओं को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, जागरूकता और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए यह क्लिनिक शुरू किया जा रहा है, जहां महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, स्वास्थ्य परामर्श तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सम्मानजनक और सहज वातावरण में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य के तहत यह पहल शुरू की जा रही है ताकि महिलाएं समय रहते अपनी स्वास्थ्य जांच करवा सकें और गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। अस्पताल परिसर में क्लिनिक के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं तथा सभी जरूरी संसाधनों को उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया जारी है। डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की जा रही यह योजना महिला स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार की महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करें। इससे समाज में महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और महिलाओं को समय पर उपचार मिल सकेगा।

नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि यह महिला क्लिनिक महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। यहां महिलाओं को एनीमिया, पोषण, गर्भावस्था देखभाल, टीकाकरण तथा सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श दिया जाएगा। साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है और यह क्लिनिक महिलाओं को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभाएगा। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस योजना को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं।