-
☰
हरियाणा: करनाल में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 11 वीरों के बलिदान को किया नमन
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: करनाल बुधवार दिनांक 21 अक्टूबर को कैथल रोड स्थित नई पुलिस लाइन करनाल में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया।
विस्तार
हरियाणा: करनाल बुधवार दिनांक 21 अक्टूबर को कैथल रोड स्थित नई पुलिस लाइन करनाल में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया। पुलिस स्मारक स्थल पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वीर शहीदों के परिजनों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा कुछ क्षण का मौन धारण कर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने देश और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। शहीद जवानों का त्याग और उनकी वीरता पुलिस बल के प्रत्येक जवान के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल,आईपीएस ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक छोटे से गश्ती दल पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर हमला किया था। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 10 वीर जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हीं वीर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हरियाणा पुलिस भी देश और समाज की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रही है। करनाल पुलिस के जवानों ने भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। वर्ष 1990 से वर्ष 2018 तक करनाल पुलिस के 11 जवानों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए। इनमें निरीक्षक बलजीत सिंह, निरीक्षक विजेंद्र सिंह, उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक रघुनंदन, सहायक उप निरीक्षक पाला राम, मुख्य सिपाही कुलदीप सिंह, मुख्य सिपाही सूरजभान, मुख्य सिपाही जगतार सिंह, सिपाही नारायण सिंह, सिपाही महावीर सिंह तथा सिपाही मेहर सिंह शामिल हैं। पुलिस स्मृति दिवस पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, सहायक पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री संदीप कुमार, उप पुलिस अधीक्षक श्री सोनू नरवाल, उप पुलिस अधीक्षक असंध श्री गोरखपाल सहित जिले के सभी थाना प्रबंधक, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा वीर शहीदों के परिजन मौजूद रहे।