-
☰
हरियाणा: नशा मुक्ति का संदेश देंगे युवा, फतेहाबाद में 30 जुलाई को होगा प्रतिभा महोत्सव
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: फतेहाबाद भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 30 जुलाई को फतेहाबाद के एमएम कॉलेज में जिला स्तरीय युवा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
विस्तार
हरियाणा: फतेहाबाद भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 30 जुलाई को फतेहाबाद के एमएम कॉलेज में जिला स्तरीय युवा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा समाज में सकारात्मक संदेश का प्रसार करना है। जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने बताया कि प्रतियोगिताओं का मुख्य विषय "नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" रखा गया है। इस आयोजन में जिले भर के युवा भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा। प्रतियोगिता में लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, स्किट, चित्रकला, वाद-विवाद, भाषण और स्लैम पोएट्री जैसी विभिन्न विधाओं को शामिल किया गया है। समूह प्रतियोगिताओं में 5 से 10 सदस्य भाग ले सकेंगे। वहीं शॉर्ट फिल्म, रील और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता की प्रविष्टियां प्रतिभागियों को 'माय भारत' (My Bharat) पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी। कार्यक्रम के दौरान केवल प्रतियोगिताएं ही नहीं, बल्कि नशा मुक्ति शपथ, सिग्नेचर वॉल (हस्ताक्षर अभियान) और सोशल मीडिया जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव का भागीदार बनाने का प्रयास किया जाएगा। जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने और नशा मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से समय पर एमएम कॉलेज पहुंचकर प्रतियोगिताओं में भाग लेने और इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश: फिरौती के लिए रची अपहरण की साजिश, विरोध करने पर मासूम की गला दबाकर हत्या
राजस्थान: गुरु पूर्णिमा पर गंगा धाम में भव्य ज्ञानोत्सव, गुरु वंदना में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
उत्तर प्रदेश: ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों का होगा ट्रायल, RBI छापेगा 200 करोड़ पॉलीमर करेंसी
उत्तर प्रदेश: पत्रकारों को मिला नया मंच, बड़हलगंज प्रेस क्लब का हुआ उद्घाटन