-
☰
उत्तर प्रदेश: पत्रकारों को मिला नया मंच, बड़हलगंज प्रेस क्लब का हुआ उद्घाटन
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराने और क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गठित बड़हलगंज प्रेस क्लब का भव्य उद्घाटन सोमवार को पटना चौराहा स्थित रामधारी कटरा के पीछे प्रेस क्लब परिसर में संपन्न हुआ।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराने और क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गठित बड़हलगंज प्रेस क्लब का भव्य उद्घाटन सोमवार को पटना चौराहा स्थित रामधारी कटरा के पीछे प्रेस क्लब परिसर में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए निष्पक्ष और तथ्यपरक खबरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में मदद मिल सकती है। प्रेस क्लब इस संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बड़हलगंज प्रेस क्लब के संरक्षक घनश्याम यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेस क्लब का गठन क्षेत्रीय पत्रकारों की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह मंच पत्रकारों को आपसी समन्वय, विचार-विमर्श और संगठनात्मक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब की पहचान केवल पत्रकारों के बैठने की जगह के रूप में नहीं, बल्कि जनहित और सामाजिक सरोकारों की आवाज उठाने वाले मंच के रूप में होनी चाहिए। प्रेस क्लब के अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे बिना किसी दबाव के सच्चाई और तथ्यों के आधार पर खबरों को समाज के सामने रखें। उन्होंने कहा कि बड़हलगंज प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रयास करेगा। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर पत्रकारिता की गरिमा और जनहित के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। प्रेस क्लब को जनसंवाद का केंद्र बनाने का संकल्प कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रेस क्लब केवल पत्रकारों के लिए एक भवन नहीं, बल्कि जनता, पत्रकार और प्रशासन के बीच संवाद का मजबूत केंद्र बनेगा। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बाढ़, रोजगार, किसान, व्यापार और विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा कर उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकारों ने निष्पक्ष, निर्भीक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता देने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प भी लिया। सैकड़ों पत्रकारों की रही मौजूदगी उद्घाटन समारोह में विपिन त्रिपाठी, हरिश्चंद सोनी, राम निवास यादव, सुरेश राजभर, मंगेश तिवारी, सर्वेश पासवान, गौतम प्रजापति, सत्यप्रकाश यादव, सुषमा वर्मा, अनुपमा दुबे सहित बड़हलगंज क्षेत्र के सैकड़ों प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकारों ने बड़हलगंज प्रेस क्लब के गठन को क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए नई शुरुआत बताते हुए उम्मीद जताई कि यह मंच आने वाले समय में पत्रकारों की एकजुटता, जनसमस्याओं की आवाज और क्षेत्र के विकास का मजबूत माध्यम बनेगा। समारोह के अंत में प्रेस क्लब कमेटी की ओर से सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
मानव शिक्षा सेवा संस्थान के प्रबंधक एवं समाजसेवी आलोक गुप्ता ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। क्षेत्र के विकास में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रेस क्लब के गठन पर पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि यह मंच शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी और अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भाजपा नेत्री पूनम गुप्ता ने भी पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों को समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की आवाज बनने के साथ-साथ सकारात्मक और विकासपरक खबरों को भी प्रमुखता देनी चाहिए। उन्होंने बड़हलगंज प्रेस क्लब के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।