-
☰
राजस्थान: रमेश ईनाणी हत्याकांड में बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी आरोपी रमता राम गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: चित्तौड़गढ़ के बहुचर्चित एवं सनसनीखेज रमेश ईनाणी हत्याकांड में जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
विस्तार
राजस्थान: चित्तौड़गढ़ के बहुचर्चित एवं सनसनीखेज रमेश ईनाणी हत्याकांड में जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी रमता राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। रमता राम की गिरफ्तारी को इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। गौरतलब है कि 11 नवंबर 2025 को भाजपा नेता एवं कोरियर व्यवसायी रमेश ईनाणी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी तथा व्यापारिक संगठनों सहित राजनीतिक हलकों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या पूरी तरह सुनियोजित ढंग से रचाई गई थी और इसके लिए बाहरी शूटर की मदद ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीमों का गठन किया था। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस लगातार आरोपियों तक पहुंचती रही। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले उत्तर प्रदेश निवासी मुख्य शूटर मनीष कुमार उर्फ कमल दूबे को गिरफ्तार किया। इसके बाद हत्या की साजिश रचने के आरोपी भजनाराम को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। इसी प्रकरण में आरोपी रमता राम लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले 05 हजार फिर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। कई बार दबिश के बावजूद वह पुलिस के हाथ नहीं लगा, लेकिन अंततः तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर संगम मार्ग से पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि रमता राम की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आर्थिक लेनदेन, भूमि विवाद और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नामों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस आरोपी को मेडिकल करवाने के बाद न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और वारदात में इस्तेमाल संसाधनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।
उत्तर प्रदेश: मदर्स डे पर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु ‘ऊंची उड़ान’ संगोष्ठी हुआ आयोजित
छत्तीसगढ़: ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक आस्था और इतिहास की गूंज
राजस्थान: योजनाओं में लापरवाही पर बीडीओ को भेजा गया नोटिस
उत्तर प्रदेश: लोहे का गेट गिरने से मासूम की दर्दनाक मौत, लापरवाही के लगे आरोप