-
☰
उत्तर प्रदेश: ऑपरेशन 'सवेरा' के तहत बड़ी कार्रवाई, 510 ग्राम चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर' अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर' अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 510 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए तीनों जिलों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर थाना बड़गांव पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान मौरा जाने वाले मार्ग से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान बुद्धराम पुत्र सुरजन, निवासी ग्राम भगता, थाना रामपुरा फूल, जिला भटिंडा (पंजाब) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 510 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना बड़गांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना, उपनिरीक्षक संदीप, हेड कांस्टेबल अमरदीप, कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल विकास की टीम शामिल रही।