Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: एसडीएम राजेश खोथ का औचक निरीक्षण, राशन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 20/03/2026 05:43:09 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 20/03/2026 05:43:09 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी एसडीएम राजेश खोथ ने शुक्रवार को गांव प्रेम नगर स्थित राशन डिपो का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विस्तार

हरियाणा: हांसी एसडीएम राजेश खोथ ने शुक्रवार को गांव प्रेम नगर स्थित राशन डिपो का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाभार्थियों को वितरित किए जा रहे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरसों के तेल की एक्सपायरी डेट की जांच की, वहीं चीनी व चावल की पैकिंग को तराजू पर तौल कर उनके निर्धारित भार की भी बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान राशन डिपो पर की गई व्यवस्थाओं पर एसडीएम संतुष्ट नजर आए, लेकिन उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों की लंबी कतार को देखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में एक और नया राशन डिपो स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि ग्रामीणों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।एसडीएम राजेश खोथ ने डिपो पर उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।


इस दौरान प्रेम नगर निवासी महिला जूमिया ने राशन कार्ड कटने की समस्या एसडीएम के समक्ष रखी। इस पर एसडीएम ने बताया कि प्रत्येक सोमवार व वीरवार को जिला सचिवालय परिसर में डीसी राहुल नरवाल की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां पर आमजन अपनी समस्याएं रख सकते हैं और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने संबंधित महिला को अपनी समस्या समाधान शिविर में रखने की सलाह दी, जिससे उसका उचित निवारण किया जा सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गांव के सरपंच अरविंद कटारिया को निर्देश देते हुए कहा कि राशन डिपो के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने खाली पड़े प्लॉट मालिकों से भी अपील की कि वे अपने स्थानों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें, ताकि गांव का वातावरण स्वच्छ बना रहे। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से राशन पहुंचाना है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर पंचायती राज के जेई अमनदीप,ग्राम सचिव प्रियंका आदि उपस्थित रहे।