-
☰
झारखंड: प्री-बिड बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर, संवेदकों को दिए सख्त निर्देश
- Photo by : social media
विस्तार
झारखंड: नगर पंचायत छतरपुर के सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में प्री-बिड बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नगर क्षेत्र में प्रस्तावित विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और प्रशासन व पंजीकृत संवेदकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर में होने वाले विकास कार्य सीधे आम जनता से जुड़े हैं, इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संवेदकों से निविदा की सभी शर्तों, तकनीकी मानकों और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ऐसी टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं विकसित करना है, जिनका लाभ नगरवासियों को लंबे समय तक मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी निर्माण कार्य में अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी फैज़ूर रहमान अंसारी ने संवेदकों को निविदा प्रक्रिया, कार्य आवंटन, तकनीकी मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और भुगतान प्रक्रिया सहित विभिन्न नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की सभी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी। कनीय अभियंताओं ने भी निर्माण कार्यों में निर्धारित डिज़ाइन, गुणवत्ता और समय-सीमा के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तकनीकी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान संवेदकों ने भी अपने सुझाव साझा किए और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर नगर प्रबंधक मुर्तुजा अंसारी, कनीय अभियंता पंकज कुमार गुप्ता एवं अभिषेक कुमार, लेखापाल सूरज कुमार पासवान, दयानंद महतो, वार्ड पार्षद अब्दुल जलील अंसारी, दीपक कुमार, पंकज कुमार, रामसेवक यादव, हाशिमुद्दीन अंसारी, संजय कुमार सिंह सहित नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में पंजीकृत संवेदक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में नगर पंचायत प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने की अपील की।