-
☰
मध्य प्रदेश: SC/ST मामले को लेकर समझाने गए अधेड़ की हत्या, लोहे की वस्तु से हमले का आरोप
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव बैजू में पोला पर्व की शाम आपसी विवाद के दौरान एक अधेड़ की मौत का मामला सामने आया है।
विस्तार
मध्य प्रदेश: बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव बैजू में पोला पर्व की शाम आपसी विवाद के दौरान एक अधेड़ की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने विवाद और एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामले को लेकर बातचीत करने पहुंचे करीब 50 वर्षीय ओमप्रकाश बनोटे पर अंकित मेश्राम ने लोहे की वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार घटना 10 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे गांव के विठ्ठल रुक्माई चौक के पास हुई। बताया गया कि कुछ दिन पहले कन्हैया विसर्जन के दौरान दोनों परिवारों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया था। इसी मामले में परिवार के कुछ सदस्यों के नाम सामने आने को लेकर ओमप्रकाश बनोटे कथित तौर पर अंकित मेश्राम से बातचीत करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने का आरोप परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना से पहले अंकित मेश्राम ने ओमप्रकाश के बेटे को फोन कर बताया था कि उसकी और उसके पिता की लड़ाई हो गई है। इसके कुछ देर बाद ओमप्रकाश घर पहुंचे और परिवार को चौक के पास हुए विवाद की जानकारी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर अंकित ने कथित रूप से गाली-गलौज की और अपने वाहन से लोहे की वस्तु निकालकर ओमप्रकाश के सिर और छाती समेत शरीर पर हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। घर पहुंचने के बाद बिगड़ी हालत घटना के बाद ओमप्रकाश अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। परिजनों के अनुसार, उनके माथे से खून निकल रहा था और वह सीना पकड़ रहे थे। इसके बाद तत्काल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ओमप्रकाश को शासकीय अस्पताल खैरलांजी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया। शुक्रवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी खुद भी पहुंचा थाने पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद अंकित मेश्राम अपने परिजनों के साथ खैरलांजी थाने पहुंचा था। वह मृतक की ओर से कथित गाली-गलौज की शिकायत करने पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस को ओमप्रकाश की अस्पताल में मौत की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने अंकित समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मामले में पुलिस ने अंकित मेश्राम, पिता राजेश मेश्राम, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी मोहगांव बैजू को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 296(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच खैरलांजी थाना प्रभारी शंशाक राणा ने बताया कि मोहगांव बैजू में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की लोहे की वस्तु से हमला किए जाने के बाद मौत हुई है। फिलहाल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और मामले की विवेचना जारी है। थाना प्रभारी ने पुरानी एफआईआर को लेकर विवाद की बात पर कहा कि अभी जांच चल रही है। विवेचना पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, विवाद की वास्तविक वजह और हमले में इस्तेमाल वस्तु समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।