-
☰
मध्य प्रदेश: शराब माफियाओं की दबंगई में टीआई दिलीप पुरी की मौत, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: देवास जिले के खातेगांव में ड्यूटी के दौरान टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मार डालने की घटना ने मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विस्तार
मध्य प्रदेश: देवास जिले के खातेगांव में ड्यूटी के दौरान टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मार डालने की घटना ने मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को शराब माफियाओं की दबंगई से जोड़ते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दिवंगत टीआई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि प्रदेश में माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे कानून के रक्षकों को भी निशाना बनाने से नहीं डर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के सामने इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून की रक्षा करने वाले पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? अरुण यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जवाब मांगते हुए पूछा कि मध्यप्रदेश में कानून का राज है या माफियाराज? उन्होंने कहा कि शराब माफियाओं की कथित दबंगई से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीआई दिलीप पुरी ने ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए जान गंवाई है। उनकी शहादत को देखते हुए घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। वहीं, घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आयशर वाहन के मालिक और कथित शराब माफिया कैरम सिंह को आलीराजपुर पुलिस ने बेहड़वा गांव से गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि वह घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन की स्विफ्ट कार से पायलटिंग कर रहा था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।