-
☰
उत्तरा प्रदेश: किशनपुरा चौकी प्रभारी राकेश कुमार और एंटी रोमियो टीम की तत्परता से परिवार में लौटी खुशियां
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तरा प्रदेश: सहारनपुर जिले में पुलिस का मानवीय चेहरा एक बार फिर देखने को मिला। घंटाघर-किशनपुरा चौकी प्रभारी राकेश कुमार और उनकी एंटी रोमियो टीम ने तत्परता दिखाते हुए घर से बिछड़े एक मासूम बच्चे को कुछ ही घंटों में खोज निकाला और सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विस्तार
उत्तरा प्रदेश: सहारनपुर जिले में पुलिस का मानवीय चेहरा एक बार फिर देखने को मिला। घंटाघर-किशनपुरा चौकी प्रभारी राकेश कुमार और उनकी एंटी रोमियो टीम ने तत्परता दिखाते हुए घर से बिछड़े एक मासूम बच्चे को कुछ ही घंटों में खोज निकाला और सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परेशान परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे घंटाघर चौक पर एक बच्चा अकेला घूमता हुआ मिला। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत किशनपुरा चौकी प्रभारी राकेश कुमार को सूचना दी। चौकी प्रभारी ने बच्चे को सुरक्षित चौकी पर पहुंचाया और प्यार से पूछताछ की। हालांकि, कम उम्र होने के कारण बच्चा अपने घर का पता नहीं बता पा रहा था। उसने पुलिस को केवल अपना नाम अहमद बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चे के परिजनों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। चौकी प्रभारी ने बच्चे की फोटो और नाम विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किए। साथ ही वायरलेस सेट के माध्यम से जिले के सभी थानों को सूचना देकर अलर्ट किया गया। पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही समय में बच्चे के परिजनों का पता चल गया। सूचना मिलने पर बच्चे के पिता शाजेब, निवासी मंडी समिति रोड, आबिद की चुंगी, गली नंबर-11, थाना मंडी, सहारनपुर, किशनपुरा चौकी पहुंचे। उन्होंने बच्चे की पहचान अपने पुत्र मोहम्मद साद उर्फ अहमद के रूप में की। पिता ने बताया कि बच्चा सुबह करीब 10:45 बजे घर से निकला था, जिसके बाद से परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सुरक्षित देखकर माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने चौकी प्रभारी सहित पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।