Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: जेवर एयरपोर्ट लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Yogendra Kumar , Date: 25/03/2026 12:15:44 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Yogendra Kumar ,
  • Date:
  • 25/03/2026 12:15:44 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों के दृष्टिगत समस्त लाइजनिंग अधिकारी, प्रभारी अधिकारी, इंचार्ज अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों के दृष्टिगत समस्त लाइजनिंग अधिकारी, प्रभारी अधिकारी, इंचार्ज अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए विभागवार कार्यक्षेत्र निर्धारित किए गए तथा अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। बैठक के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, मार्ग प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, साइनेज, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सीसीटीवी मॉनिटरिंग तथा कंट्रोल रूम संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल तथा आगमन एवं प्रस्थान मार्गों की सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। साथ ही खराब वाहनों को तत्काल हटाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो।


जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल तथा पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को बेहतर और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में नेशनल ओर इंटरनेशनल मीडिया, विभिन्न जनपदों के मा0 जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विशिष्ट अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों तथा आमजन की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा जाए।


इसके अतिरिक्त प्रस्तावित कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण अवसर से जुड़ सकें और प्रदेश के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए तथा यदि किसी स्तर पर कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके। इस बैठक में एसीओ ग्रेटर नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीओ यमुना विकास प्राधिकरण राजेश कुमार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिला अधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका एवं जिला प्रशासन, प्राधिकरण, पुलिस विभाग के संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।